कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया जिसमें अभिनेता केके मेनन, जिन्हें ‘स्पेशल ऑप्स’ में हिम्मत सिंह के नाम से जाना जाता है, ‘वोट चोरी’ कैंपेन का प्रचार करते दिखाई दिए। अब, अभिनेता ने इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और स्पष्ट किया है कि वह इस अभियान का हिस्सा नहीं हैं। केके मेनन ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वीडियो का उपयोग उनकी अनुमति के बिना किया गया था। उन्होंने स्वयं वीडियो पर टिप्पणी की है। पहले यह जानते हैं कि अभिनेता ने क्या कहा और कांग्रेस ने किस वीडियो को संपादित करके इस्तेमाल किया है।
केके मेनन ने कांग्रेस द्वारा इस्तेमाल किए गए इस वीडियो पर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, “कृपया ध्यान दें कि मैंने इस विज्ञापन में काम नहीं किया है। मेरी ‘स्पेशल ऑप्स’ (वेब सीरीज) की एक प्रमोशनल क्लिप को संपादित किया गया है और मेरी अनुमति के बिना इसका उपयोग किया गया है।”
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो साझा किया। इसमें केके मेनन कहते दिखाई दिए- “रुको रुको, स्क्रॉल करना बंद करो। अगर आप यह रील देख रहे हैं तो इसका मतलब क्या है?” इसके बाद वीडियो में एक और व्यक्ति दिखाई देता है, जो वोट चोरी के खिलाफ अभियान में शामिल होने की बात करता है। कैप्शन में भी लिखा था, ‘हिम्मत सिंह कुछ कह रहे हैं, जल्दी आओ।’ लोगों से अभियान में शामिल होने का आह्वान किया गया। लेकिन केके मेनन ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी अभियान में भाग नहीं लिया। यहां तक कि कांग्रेस ने उनका क्लिप इस्तेमाल करने से पहले उनकी अनुमति भी नहीं ली।