
मुंबई। अभिनेत्री और गायिका यूलिया वंतूर ने गायक अरिजीत सिंह के साथ नए गाने ‘तेरे संग’ रिकॉर्ड करने के रोमांचक अनुभव को साझा किया है। पश्चिम बंगाल के जियागंज में उनके घरेलू स्टूडियो में यह सत्र हुआ, जो उनके लिए बेहद यादगार साबित हुआ।
यूलिया ने विशेष बातचीत में कहा, ‘यह अनुभव अद्भुत और खास था। अरिजीत ने गाना पसंद किया तो न सिर्फ गाया, बल्कि हमें अपने घर बुलाया। उनके स्टूडियो को देखना प्रेरणादायक था। इससे पता चला कि वे संगीत, समुदाय और दूसरों की मदद के प्रति कितने समर्पित हैं।’
उन्होंने कहा, ‘मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं। इतने सम्मान से स्वागत किया गया। वहां जहां हिट गाने बने हैं, वहां गाना रिकॉर्ड करना जादुई लगा।’ गाने का टीजर हाल ही में जारी हुआ, जिसमें अरिजीत की आवाज और यूलिया-दीपक तिजोरी की रोमांटिक केमिस्ट्री दिखी।
सलमान खान फिल्म्स म्यूजिक के बैनर तले बना यह गाना सोनी म्यूजिक इंडिया द्वारा वितरित है। यह शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ का हिस्सा है। यूलिया ने इसे पहला सहयोग ‘अविश्वसनीय’ बताया। ‘अरिजीत की आवाज ने गाने को और सुंदर बना दिया। यह दिल छू लेने वाली कहानी है।’
फिल्म में यूलिया के साथ दीपक तिजोरी और स्पेनिश अभिनेत्री एलेसेंड्रा व्हीलन मेरेडिज हैं। यह सहयोग संगीत प्रेमियों के बीच उत्साह बढ़ा रहा है।