
तमिलनाडु के कोयंबटूर में स्थित ईशा योग केंद्र पर महाशिवरात्रि का उत्सव इस बार अभूतपूर्व उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पीवीएन माधव, नवजोत कौर सिद्धू के साथ-साथ बॉलीवुड अभिनेत्रियां जूही चावला और तनीषा मुखर्जी भी उपस्थित रहीं।
जूही चावला ने अपने दस वर्षों के आध्यात्मिक सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सद्गुरु के मार्गदर्शन ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने काशी यात्रा और संवाद सत्रों का जिक्र करते हुए बताया, ‘ईशा केंद्र हर बार और भी विशाल, सुव्यवस्थित और शक्तिशाली लगता है। महाशिवरात्रि की भव्य सजावट, मंच और सांस्कृतिक कार्यक्रम साल दर साल बेहतर हो रहे हैं। अब यह एक वैश्विक पहचान बन चुका है। हवाई अड्डे पर भी यात्री आपस में इसकी चर्चा करते दिखते हैं।’
तनीषा मुखर्जी ने ध्यान की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि इससे उनके जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया। ‘पहले गुस्सा मेरी सोच को प्रभावित करता था, लेकिन अब मैं इसे नियंत्रित कर पाती हूं। आलस्य हर किसी में होता है, पर ध्यान से अंदरूनी ऊर्जा जागृत होती है।’ उन्होंने कहा, ‘मानसिक स्वास्थ्य के लिए आध्यात्मिकता और प्रार्थना अनिवार्य हैं। खोया हुआ महसूस हो तो आत्मचिंतन करें। ईशा का माहौल इसके लिए आदर्श है।’
यह आयोजन न केवल शिव भक्ति का प्रतीक बना, बल्कि ध्यान और साधना को जीवन की आधारशिला के रूप में स्थापित करने का संदेश भी दिया।