
हिंदी सिनेमा की अमर अभिनेत्री मधुबाला का जादू आज भी फीका नहीं पड़ा है। उनकी खूबसूरती, मासूमियत और अभिनय का लहजा दर्शकों को आज भी बांध लेता है। 23 फरवरी को उनकी पुण्यतिथि पर दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर शेयर कर दिल छू लेने वाली श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने लिखा, ‘मधुबाला जी की पुण्यतिथि पर उन्हें बहुत प्यार और सम्मान के साथ याद करते हैं। सिनेमा में उनका योगदान और यादें हमेशा दिलों में जिंदा रहेंगी।’ यह पोस्ट देखकर फैंस की आंखें नम हो गईं।
दिल्ली में मुमताज जहां बेगम के नाम से जन्मीं मधुबाला ने आर्थिक तंगी के कारण मात्र नौ साल की उम्र में फिल्मों में कदम रखा। ‘बसंत’ से करियर शुरू हुआ, लेकिन ‘महल’ ने उन्हें स्टार बना दिया। इसके बाद ‘फागुन’, ‘हावड़ा ब्रिज’, ‘काला पानी’ और ‘चलती का नाम गाड़ी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों ने धूम मचा दी।
दिलीप कुमार, राज कपूर, अशोक कुमार और देव आनंद जैसे सितारों के साथ उनकी जोड़ी लाजवाब रही। ‘मुगल-ए-आजम’ में अनारकली का रोल उनके करियर का चरमोत्कर्ष माना जाता है।
अभिनय के अलावा ‘नाता’, ‘महलों के ख्वाब’ और ‘पठान’ में निर्माता बनीं। दिल की बीमारी ने 36 साल की उम्र में 23 फरवरी 1969 को उन्हें छीन लिया। आखिरी फिल्म ‘ज्वाला’ 1971 में रिलीज हुई। जैकी का यह नमन मधुबाला के अविस्मरणीय योगदान की याद दिलाता है।