
मुंबई। नेटफ्लिक्स और टीवीएफ की नई वेब सीरीज ‘हेलो बच्चों’ का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों का दिल जीतने को तैयार है। एजुकेटर अलख पांडे के प्रेरणादायक सफर से प्रेरित यह सीरीज मुख्य भूमिका में नजर आ रहे विनीत कुमार सिंह के लिए बेहद खास है।
विनीत ने कहा, ‘यह सीरीज दो यात्राओं को एक सुंदर धागे में बांधती है। एक शिक्षक अपने लक्ष्य को खोजता है तो छात्र अपने विश्वास को। लाखों जिंदगियों को छूने वाले वास्तविक व्यक्ति का किरदार निभाना बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन मैंने इसमें जी-जान लगा दी। दर्शक इस प्रेम, संघर्ष और आशा भरी कहानी से जुड़ेंगे और देशभर के छात्रों की अनगिनत दास्तां देखेंगे।’
प्रतीश मेहता के निर्देशन में बनी यह सीरीज पांच छात्रों की भावुक कहानियां बयां करती है। आर्थिक तंगी से जूझता लड़का, मजबूरियां झेलती छोटी लड़की, क्रिकेट का जुनून छोड़ परिवार की जिम्मेदारी निभाता छात्र—ये सभी चुनौतियों के बीच सपनों का पीछा करते हैं। एक शिक्षक का मार्गदर्शन उन्हें जरूरी आत्मविश्वास देता है।
विनीत के साथ विक्रम कोचर, गिरिजा ओक गोडबोले हैं। छात्रों के रोल में सतेंद्र सोनी, सोनू कुमार यादव, अंशुल डोगरा, समता सुदीक्षा, वरुण बुद्धदेव और नमन जैन। अभिषेक यादव के निर्माण और अंकित यादव, वरनाली, संदीप सिंह की स्क्रिप्ट में यह टीवीएफ-नेटफ्लिक्स का शानदार सहयोग है।
टीवीएफ के अरुणाभ कुमार बोले, ‘शिक्षक-छात्र के सफर को खूबसूरती से दिखाती यह सीरीज वास्तविक कहानियों से प्रेरित है।’ तान्या बामी ने कहा, ‘लाखों छात्रों की हिम्मत और इरादों की यह प्रेरक गाथा है।’
6 मार्च को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर होगा ‘हेलो बच्चों’।