
मुंबई का अपराध जगत एक बार फिर बॉलीवुड पर साया बनकर टूट पड़ा है। रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद अब रणवीर सिंह को मिली धमकी का रहस्य खुलने लगा है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुष्टि की है कि बिश्नोई गैंग का कुख्यात गुर्गा हैरी बॉक्सर ने व्हाट्सएप वॉयस नोट के जरिए एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
प्रारंभिक जांच में वॉयस नोट की आवाज को बॉक्सर से जोड़ा गया है। मजबूत सबूत जुटाने को इसे फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। शेट्टी के घर पर गोलीबारी के बाद यह धमकी डराने-धमकाने का हिस्सा लगती है।
धमकी सीधे रणवीर को नहीं, बल्कि उनके मैनेजर के फोन पर आई। इसके बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई। क्राइम ब्रांच ने मैनेजर का बयान लिया और धमकी भेजने वाले वीपीएन नेटवर्क का पीछा किया, जो विदेशी सर्वर से जुड़ा है।
सटीक लोकेशन के लिए इंटरपोल से मदद ली जा रही है। साथ ही सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा के मैनेजर से भी पूछताछ हुई। पुलिस को शक है कि शेट्टी फायरिंग और रणवीर धमकी आपस में जुड़ी हैं, क्योंकि दोनों स्टार्स करीबी हैं और साथ फिल्में कर चुके हैं।
जांच तेज हो रही है। बॉलीवुड में अपराधियों की घुसपैठ रोकने के लिए मुंबई पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। यह मामला उद्योग को हिलाकर रख देगा।