
महाशिवरात्रि के पावन अवसर से पहले संगीत की दुनिया भक्ति रस से सराबोर हो चुकी है। प्रसिद्ध भक्ति गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव के विवाह का उत्सवपूर्ण चित्रण करने वाला नया भजन ‘महादेव की शादी’ रिलीज कर दिया है। अपने आधिकारिक चैनल पर उपलब्ध यह गीत कुछ ही घंटों में 50 हजार व्यूज पार कर चुका है और श्रोताओं को नाचने पर मजबूर कर रहा है।
गीत में बाबा भोलेनाथ का बाराती रूप दिखाया गया है, जहां भस्म और नागों से सजा महादेव मां पार्वती के लिए विदा हो रहे हैं। देवता-असुर सभी मस्ती में थिरक रहे हैं। हंसराज ने स्वयं गायन और संगीत दिया है, जबकि बोल दीप फतेह और मिस्ता बाज ने लिखे। गीत का प्रोडक्शन उनकी पत्नी कोमल सकलानी ने किया।
हंसराज भक्ति संगीत के सितारे हैं। ‘शिव कैलाश के वासी’, ‘भोलेनाथ जी’, ‘लागी लगन शंकरा’ और ‘मेरा भोला है भंडारी’ जैसे सुपरहिट गीत उनके नाम हैं। ‘मेरा भोला है भंडारी’ को 30 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। राम भक्ति में भी उन्होंने ‘जय श्री राम’, ‘राम सिया राम’ जैसे भजन दिए।
यह भजन न केवल शिव भक्तों का मन मोह रहा, बल्कि पूरे देश में उत्साह फैला रहा। महाशिवरात्रि पर यह गीत बार-बार बजने को बेताब है।