
बॉलीवुड की एक ऐसी फिल्म जो हंसी के ठहाकों के साथ-साथ समाज को गहरा संदेश दे गई, वह है आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की ‘दम लगा के हईशा’। आज इस फिल्म को रिलीज हुए पूरे 11 साल हो चुके हैं। हरिद्वार के सादे से लोकेशन पर बनी यह कहानी दर्शकों के दिलों में बस गई और बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा दिया।
एनिवर्सरी के मौके पर आयुष्मान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक धमाकेदार सीन शेयर किया। यह वह पल है जब शादी के तुरंत बाद संध्या और प्रेम प्रकाश में ठन जाती है। बातचीत बंद, लेकिन 80 के दशक के गानों से दोनों अपनी भड़ास निकालते हैं। यह सीन देखकर आज भी पेट दुख जाता है हंस-हंसकर।
आयुष्मान ने लिखा, ‘यह मेरा फेवरेट सीन है। गुस्से में चुप्पी, फिर भी संगीत से सब कुछ व्यक्त। जब शब्द नाकाम होते हैं, तब भावनाएं संगीत के जरिए बोल उठती हैं।’
भूमि की यह पहली फिल्म थी, जिसमें उन्होंने करीब 100 किलो वजन के साथ लीड रोल निभाया। फिल्म का मूल ही मोटापे और वैवाहिक जीवन पर था। रिलीज के बाद उन्होंने 35 किलो वजन घटाया।
बजट 14 करोड़ का, भारत में 40 करोड़ और वर्ल्डवाइड 43 करोड़ की कमाई। छोटे कैनवास पर बुनी गई यह कहानी परिवार और समाज के रिश्तों को खूबसूरती से उकेरती है।