
मुंबई: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म, जिसकी एडवांस बुकिंग उम्मीदों से थोड़ी कम थी, ने रिलीज के दिन सभी को चौंका दिया।
शुरुआती धीमी गति के बाद फिल्म ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी। सुबह के शोज में करीब 16% की ऑक्यूपेंसी के साथ शुरुआत करने वाली ‘धुरंधर’ दोपहर तक 28% तक पहुंच गई। यह साफ दर्शाता है कि माउथ पब्लिसिटी और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म को खूब फायदा पहुंचाया है।
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन ‘धुरंधर’ ने ₹27.04 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यह कमाई रणवीर सिंह के करियर के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है, जिनकी पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया का सामना कर रही थीं। ‘पद्मावत’, ’83’, ‘राम-लीला’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए, ‘धुरंधर’ ने अपने पहले दिन की कमाई से रणवीर के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में जगह बना ली है।
फिल्म को भारत भर में लगभग 5000 स्क्रीनों पर रिलीज किया गया है, जिससे इसे सिंगल-स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स दोनों जगहों पर अच्छी पकड़ मिली है। हालांकि एडवांस बुकिंग में फिल्म ने करीब 9 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन रिलीज के दिन दर्शकों का उत्साह भारी पड़ा।
‘धुरंधर’ की कहानी 2000 के दशक की शुरुआत में पाकिस्तान पर आधारित है, जहां रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं। उनका मिशन लियारी गैंग के नेटवर्क को तोड़ना है। यह फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और इसके एक्शन सीक्वेंस व बैकग्राउंड को लेकर काफी चर्चा है। फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे मंझे हुए कलाकार भी हैं, जो कहानी को और मजबूत बनाते हैं। आदित्य धर के निर्देशन और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रोडक्शन डिजाइन ने भी फिल्म के चर्चे बढ़ाए हैं।
पहले दिन की शानदार शुरुआत के बाद, अब सबकी निगाहें वीकेंड पर टिकी हैं। अगर ‘धुरंधर’ शनिवार और रविवार को भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखती है, तो यह रणवीर सिंह की महामारी के बाद की सबसे बड़ी हिट साबित हो सकती है। ट्रेड पंडित्स का मानना है कि यह फिल्म वीकेंड तक ₹70-75 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।





