
दिल्ली हाईकोर्ट में संजय कपूर की विशाल संपत्ति को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब जोर पकड़ चुका है। दिवंगत उद्योगपति के निधन के बाद उनकी मां रानी कपूर ने बहू प्रिया कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों समेत 22 लोगों पर फर्जी ट्रस्ट बनाकर संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार को उनकी याचिका पर अदालत ने समन जारी कर दिया।
रानी कपूर का दावा है कि बेटे की मौत के तुरंत बाद बिना उनकी जानकारी के आरके फैमिली ट्रस्ट के नाम पर सारी दौलत ट्रांसफर कर दी गई। उनकी कमजोर मानसिक व शारीरिक हालत का फायदा उठाकर कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए और प्रमुख कंपनियों पर कब्जा कर लिया गया।
याचिका में ट्रस्ट को अवैध व धोखाधड़ीपूर्ण बताते हुए रानी ने मांग की है कि इसे रद्द किया जाए और संपत्ति पुरानी स्थिति में लौटाई जाए। कोर्ट ने अभी कोई अंतरिम राहत नहीं दी है, यथास्थिति बरकरार रखी गई।
दोनों पक्षों ने दावे, सबूत व गवाह पेश कर दिए हैं। अगली सुनवाई में तय होगा कि ट्रस्ट वैध है या नहीं और रानी के अधिकार क्या हैं। यह मामला न केवल कपूर परिवार की विरासत को प्रभावित करेगा बल्कि संपत्ति विवादों में ट्रस्ट के दुरुपयोग पर नई बहस छेड़ेगा।
हाईप्रोफाइल केस में बॉलीवुड कनेक्शन के चलते सुर्खियां बटोर रहा है, व्यापारिक जगत की नजरें टिकी हैं।