
मुंबई। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ ने एक बार फिर मनोरंजन की नई मिसाल कायम की। इस बार स्टेज पर क्लासरूम सजाया गया और मेहमान बने देश के चहेते शिक्षक- एनवी सर, अलख पांडे व खान सर। होली के रंग में डूबे इस खास एपिसोड में शिक्षा और हास्य का अनोखा मेल देखने को मिला।
कपिल शर्मा ने शुरुआत शिक्षकों के संघर्षों से की। खान सर को 1.7 करोड़ का ऑफर और अलख पांडे को ब्लैंक चेक मिला, लेकिन उन्होंने छात्रों को प्राथमिकता दी। दोनों ने कहा- पढ़ाई हर बच्चे का हक है।
माहौल मस्ती से भर गया जब कृष्णा अभिषेक वैज्ञानिक बने। फिर कीकू शारदा-सुनील ग्रोवर की सास-बहू ने केमिस्ट्री को नोकझोंक में बदल दिया। स्टूडियो ठहाकों से गूंजा।
सुनील का नया गाना ‘इट इज ए होली’ बजा तो रंग-नाच का जलवा छा गया। सभी ने जमकर ठुमके लगाए। नेटफ्लिक्स पर सीजन 4 स्ट्रीमिंग कर रहा है।