
भोजपुरी सिनेमा की चहेती अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सीआईडी बहू’ का वर्ल्ड टीवी प्रीमियर 21 फरवरी को शाम 5:30 बजे होने वाला है। यह फिल्म ससुराल के गहरे छिपे रहस्यों को उजागर करने वाली एक नन्ही बहू की साहसी कहानी बयां करती है, जिसमें सस्पेंस, ड्रामा और पारिवारिक भावनाओं का जबरदस्त संगम है।
गुरुवार को आम्रपाली ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म का एक क्लिप शेयर कर दर्शकों को उत्साहित कर दिया। उन्होंने लिखा कि यह प्रीमियर 21 फरवरी को होगा। आम्रपाली एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने को तैयार हैं।
अनंजय रघुराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण प्रेम राय ने किया है, जबकि सह-निर्माता शाइस्ता खान हैं। संगीत साजन मिश्रा का है और गीत ओम झा ने लिखे हैं। फिल्म में घरेलू साजिशों, आर्थिक घोटालों और बहू की हिम्मत को बखूबी दर्शाया गया है।
कास्ट में आम्रपाली के अलावा राज सिंह राजपूत, पूजा ठाकुर, अयाज खान, साहिल सिद्दीकी, श्वेता वर्मा, रंभा साहनी, विद्या सिंह, संजीव के मिश्रा, ससिता रॉय, निहाल सिंह और शियान्श सिंह जैसे सितारे हैं। ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे एक गरीब परिवार जेठ-जेठानी की चोरी-छिपे की गई खेत-दुकान की बिक्री से जूझ रहा है।
नई दुल्हन बनकर आई आम्रपाली फोन पर सबूत रिकॉर्ड कर सारी साजिश का पर्दाफाश करती है। यह फिल्म न केवल मनोरंजन देगी, बल्कि परिवार में विश्वास और धोखे की गहराई को भी उजागर करेगी। 21 फरवरी को टीवी पर देखना न भूलें।