
परिवार के मुश्किल दौर में बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली को एक फौजी बहन के प्यार ने गले लगा लिया। उनके भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली, पिछले कई सालों से यूएई में हिरासत में हैं। ऐसे में बुधवार को इंस्टाग्राम पर शेयर की गई पोस्ट ने सबका दिल जीत लिया।
सेलिना ने स्टोन ग्रे कांथा साड़ी में फोटो पोस्ट की, जिसमें तोते की नाजुक कढ़ाई चमक रही थी। उन्होंने लिखा कि फौजी परिवार की बहन समीरा ने न सिर्फ साड़ी भेंट की, बल्कि इसे पहनाने में मां जैसा स्नेह दिखाया। पिन लगाई, प्लीट्स बनाईं और सुरक्षा के लबादे की तरह ओढ़ाया।
इसके बाद चूड़ियां पहनाईं, कान की बाली संवारी, फोटो खींचीं, पल्लू ठीक किया और माथे पर बिंदी लगाई। ‘इन छोटी-छोटी चीजों से एहसास हुआ कि मैं अकेली नहीं हूं,’ सेलिना ने भावुक होकर कहा। साड़ी पति की बंगाल पोस्टिंग की यादगार थी।
यह दृश्य बचपन की यादें ताजा कर गया, जब मां कांथा साड़ी से लाड़-प्यार निभाती थीं। ‘वह कपड़ा नहीं, प्यार और गर्व का प्रतीक था। लंबे अरसे बाद वैसा ही सुकून मिला।’ कुमाऊंनी सेलिना को नंदा देवी की कृपा और पहाड़ों की ताकत से हिम्मत मिलती है।
‘कभी-कभी शांति चुपके से आती है—साड़ी की प्लेट्स में, चूड़ियों की खनक में, बहन के आलिंगन में। अपनों के साये में सुरक्षित महसूस कर रही हूं। लव यू समीरा।’ फौजी परिवार से ताल्लुक रखने वाली सेलिना के पिता कर्नल विक्रम कुमार जेटली, मां मीता आर्मी नर्स थीं। यह किस्सा फौजी भाइचारे की मिसाल है।