
भारतीय सिनेमा के लिए 23 फरवरी का दिन अविस्मरणीय रहा। मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। यह इस श्रेणी में भारत की पहली विजेता फिल्म है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “फिल्म से जुड़े सभी को बधाई। मणिपुर के लिए यह बेहद खुशी का पल है। यह हमारे देश के रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाता है।”
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने बाफ्टा 2026 में कमाल कर दिया। चुनौतियों के बीच बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म बन पहली भारतीय प्रोडक्शन। पूरी टीम को हार्दिक बधाई, आपने देश का मान बढ़ाया।”
फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर पर लक्ष्मीप्रिया देवी निर्देशित ‘बूंग’ इस साल की पहली भारतीय बाफ्टा नामांकित फिल्म थी जो विजेता बनी। समारोह में लक्ष्मीप्रिया भावुक होकर पुरस्कार लेने मंच पर पहुंचीं, फरहान उनके साथ थे। उन्होंने बाफ्टा का आभार जताया और भारतीय सिनेमा की शक्ति को सलाम किया।
फिल्म की कहानी मणिपुर की सीमा पर बसने वाले एक स्कूली लड़के के इर्द-गिर्द बुनी गई है। जन्म से हिंसा, नस्लीय तनाव और उपेक्षा झेलते हुए वह अपने बिखरे परिवार को एकजुट करने और गुमशुदा पिता को लाने की कोशिश करता है। सामाजिक-राजनीतिक अस्थिरता की पृष्ठभूमि में कॉमेडी-ड्रामा का अनोखा संगम भावुक करता है।
बाफ्टा से पूर्व ‘बूंग’ ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2024, वारसॉ 2024, गोवा के 55वें आईएफएफआई और मेलबर्न इंडियन फिल्म फेस्टिवल 2025 में धूम मचाई। हर जगह सराहना की बौछार हुई।
यह जीत न केवल मणिपुर बल्कि पूरे भारत के क्षेत्रीय सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाती है, भविष्य में और सफलताओं का संकेत देती है।