
मुंबई। सनी देओल की बहुचर्चित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। 250 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी यह फिल्म दर्शकों के दिलों पर छाई हुई है। लेकिन फिल्म का आखिरी सीन ऐसा है जो हर किसी की आंखें नम कर देगा।
मेकर्स ने मूल ‘बॉर्डर’ के सितारों को वापस बुलाकर फिल्म को परफेक्ट क्लोजर दिया है। सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, सुदेश बेरी, कुलभूषण खरबंदा और पुनीत इस्सर अपने पुराने किरदारों में नजर आए हैं। यह सीन सनी देओल के यादों के आईने से दिखाया गया है, जहां सभी सैनिक एक फ्रेम में हैं और पृष्ठभूमि में बज रहा है ‘वो मिट्टी के बेटे’ गाना।
अक्षय खन्ना फिर से उसी युवा जवान बने हैं, जिन्हें सनी ने ‘बच्चा’ कहा था। रसोई में खाना बनाते भागीराम का चेहरा भी दिखाया गया है। यह दृश्य उन सभी वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिए जान दी।
सुनील शेट्टी ने इस भावुक वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और लिखा, ‘बॉर्डर एक इमोशन थी, है और हमेशा रहेगी। बॉर्डर-2 फैमिली कम्पलीट।’ दर्शकों की पुरानी यादें ताजा हो गई हैं।
इधर सनी देओल सफलता का जश्न मना रहे हैं। दोस्तों संग केक काटा, मुंह मीठा कराया। पहले मेकर्स ने भी भव्य पार्टी रखी थी। ‘बॉर्डर-2’ देशभक्ति की मिसाल बन चुकी है।