रक्षा बंधन: 9 अगस्त को भारत में रक्षा बंधन का त्योहार मनाया गया। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। यह त्योहार केवल आम लोगों द्वारा ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े सितारों के परिवारों द्वारा भी मनाया जाता है। आम हो या खास भाई-बहन का रिश्ता नोक-झोंक से भरा हुआ होता है, लेकिन जब भी कोई मुसीबत आती है, तो बहन की रक्षा के लिए भाई सामने खड़ा नजर आता है। आज हम बॉलीवुड के उन भाई-बहनों की बात करेंगे जो रिश्ते में तो सौतेले हैं, लेकिन उनके बीच सगे भाई-बहनों से भी ज्यादा प्यार है।
अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर
अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर दोनों ही बोनी कपूर के बच्चे हैं, लेकिन दोनों की मां अलग-अलग हैं। बोनी कपूर की पहली शादी से अर्जुन हैं तो दूसरी शादी से जान्हवी। श्रीदेवी के निधन के बाद अर्जुन ने बड़े भाई होने के सारे फर्ज निभाए। वह अपनी बहन अंशुला के साथ-साथ जान्हवी और खुशी को भी बेहद प्यार करते हैं। इन भाई-बहनों के बीच का बंधन अक्सर देखने को मिल जाता है।
शाहिद कपूर और ईशान खट्टर
शाहिद कपूर को अक्सर अपने छोटे भाई ईशान खट्टर के साथ मस्ती-मजाक करते हुए देखा जाता है। शाहिद और ईशान सगे भाई नहीं हैं, लेकिन दोनों के बीच सगे भाईयों से बढ़कर प्यार है। ईशान अपनी भाभी मीरा के साथ भी अच्छा संबंध साझा करते हैं। शाहिद और ईशान अक्सर एक-दूसरे के साथ अपनी तस्वीरें भी साझा करते रहते हैं।
सारा अली खान और तैमूर
सैफ अली खान की सबसे बड़ी औलाद सारा अली खान हैं। सारा सैफ और अमृता की बेटी हैं। अमृता से तलाक के बाद सैफ ने करीना से शादी कर ली, जिससे उन्हें दो बेटे हैं। सारा और करीना के बच्चों के बीच अच्छा रिश्ता है। सारा तैमूर और जेह से बहुत प्यार करती हैं। भले ही वो उनके सौतेले भाई हैं, सारा उन्हें छोटे बच्चों की तरह प्यार करती हैं।
सलमान खान और अर्पिता
सलमान खान को एक पारिवारिक व्यक्ति के रूप में भी जाना जाता है। सुपरस्टार अपने परिवार के लिए हमेशा खड़े नजर आते हैं। अर्पिता सलमान की सगी बहन नहीं हैं, लेकिन वे उन्हें अलवीरा से भी ज्यादा प्यार करते हैं। सलमान ने बड़े भाई होने का हर फर्ज निभाया है। अर्पिता की शादी से लेकर उनकी हर छोटी ख्वाहिश को सलमान पूरा करते हैं। अर्पिता भी सलमान को काफी मानती हैं।
आलिया भट्ट और पूजा भट्ट
आलिया भट्ट और पूजा भट्ट पिता महेश भट्ट की बेटियां हैं। महेश भट्ट की पहली शादी से पूजा हैं, तो दूसरी शादी से आलिया। दोनों ही बॉलीवुड की बड़ी एक्ट्रेस हैं। उम्र में आलिया से कई साल बड़ी पूजा उन्हें काफी मानती हैं। भले ही दोनों सगी बहनें नहीं हैं, लेकिन पूजा और आलिया का भी एक विशेष बंधन है।