
मुंबई। होली का त्योहार नजदीक आते ही रंगों की धूम शुरू हो गई है, लेकिन अभिनेत्री भाग्यश्री ने महिलाओं के लिए एक खास सलाह दी है। स्वास्थ्य और सौंदर्य के प्रति समर्पित यह स्टार ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर त्वचा, बालों और नाखूनों को रंगों के नुकसान से बचाने के कारगर उपाय बताए।
उन्होंने कहा कि होली के रंगों का मजा लेना है तो पहले सुरक्षा कवच तैयार करें। चेहरे व शरीर पर होली से 20 मिनट पहले नारियल या बादाम तेल की मोटी परत लगा लें। यह त्वचा पर सुरक्षात्मक आवरण बना देता है, जिससे रंग छिद्रों में नहीं घुसते। जलन, सूखापन कम होता है और रंग आसानी से धुल जाते हैं।
बालों को खुले न रखें। हल्का तेल या कंडीशनर लगाकर चोटी या जूड़ा बांधें। इससे रंग कम लगेंगे, उलझनें न होंगी और केमिकल डैमेज से बचाव होगा। नाखूनों पर क्लियर नेल पॉलिश की कोटिंग करें, दाग-धब्बे नहीं रहेंगे।
संभव हो तो प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें या वृंदावन की फूल होली खेलें, जो पूरी तरह सुरक्षित है। भाग्यश्री ने अंत में कहा, ‘सुरक्षित रहें, खुश रहें और प्रेम से होली मनाएं।’ उनके ये टिप्स हर महिला के लिए वरदान साबित होंगे।