
मशहूर गायक और संगीतकार बी प्राक अपने अनोखे लाइव टूर ‘साउंड ऑफ हरि’ के साथ दर्शकों को नया अनुभव दे रहे हैं। यह सामान्य कॉन्सर्ट से बिल्कुल अलग है, जहां संगीत मन-शरीर-आत्मा को छूने और भावनाओं को मुक्त करने का माध्यम बनेगा।
बी प्राक कहते हैं, ‘यह कोई साधारण शो नहीं। ध्वनि यहां हीलिंग का जरिया है। लोग अपनी भावनाओं को लेकर आएं और हल्के मन से लौटें।’ शो को धीमी गति से सुनने और महसूस करने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि श्रोता खुद से जुड़ सकें। उनकी संवेदनशील आवाज और इमर्सिव साउंडस्केप इसकी जान होंगे।
मानसिक स्वास्थ्य पर हो रही चर्चाओं के बीच यह टूर संगीत को थेरेपी के रूप में पेश करता है। स्टूडियो मजीमे की सारा अव्वाद बोलीं, ‘यह अनुभव लाइव ही संभव है, डिजिटल में नहीं। कमरे में मौजूद होकर ध्वनि और खामोशी को जीना पड़ेगा।’
टूर 14 मार्च अहमदाबाद से शुरू होगा, फिर 21 मार्च चंडीगढ़, 19 अप्रैल मुंबई और 26 अप्रैल नई दिल्ली। हर शहर की ऊर्जा इसे अलग बनाएगी।
‘साउंड ऑफ हरि’ संगीत की नई परिभाषा गढ़ रहा है, जहां मनोरंजन से आगे बढ़कर शांति और जुड़ाव का माध्यम बनेगा।