
मुंबई। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में इस बार म्यूजिक और हंसी का जबरदस्त संगम होने वाला है। पॉपुलर पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों और स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी मेहमान बनकर शो में धमाल मचाने आ रहे हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया ने इसका मजेदार प्रोमो रिलीज कर दिया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रोमो की शुरुआत कपिल शर्मा के धांसू जोक्स से होती है। वे कहते हैं कि आज दो ग्लोबल सितारे आए हैं- पहले एपी ढिल्लों और दूसरा मैं यानी कपिल। इस बात पर अनुभव बस्सी हंस-हंसकर लोटपोट हो जाते हैं।
कपिल आगे बताते हैं कि एक तरफ वर्ल्ड स्टेज पर जलवे बिखेरने वाले सिंगर हैं तो दूसरी तरफ अपनी बातों से स्टेज हिलाने वाले कॉमेडियन। प्रोमो में एपी के महंगे कॉन्सर्ट्स का जिक्र आता है, जहां टिकट की कीमत लाखों में होती है और दर्शकों के मोबाइल गायब हो जाते हैं। कपिल मजाक में बोलते हैं कि एपी स्टेज पर टैलेंट दिखा रहे थे और ऑडियंस नीचे अपना-अपना टैलेंट दिखा रही थी। पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठता है।
फिर शो के फेवरेट कैरेक्टर्स एंट्री मारते हैं। कीकू शारदा छोटे शेख बने नजर आते हैं, कृष्णा अभिषेक बड़े शेख के रोल में। दोनों की जोड़ी माहौल को और गर्म कर देती है। सुनील ग्रोवर अपने नए किरदार डायमंड राजा के साथ एंट्री लेते हैं, जो एपिसोड को सुपरहिट बना देते हैं।
पिछले एपिसोड में एआर रहमान विजय सेतुपति, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जाधव के साथ थे। मैसेज गेम खेलते हुए रहमान ने बताया कि कैसे बातें मुंह से मुंह में घूमते-घूमते बदल जाती हैं। कपिल शो एक बार फिर साबित कर रहा है कि हंसी का इससे बेहतर डोज कहीं नहीं मिलेगा।