
भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अंजना सिंह इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘दक्षिण भारतीय बहू’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक मेल-जोल पर बनी एक पारिवारिक मनोरंजक ड्रामा है।
21 फरवरी को टीवी पर रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी उत्साह को देखते हुए फिल्म को अब यूट्यूब पर रिलीज किया जा रहा है। अंजना ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी में फिल्म का एक क्लिप शेयर कर बताया कि 28 फरवरी को सुबह 8 बजे बी4यू यूट्यूब चैनल पर इसका प्रीमियर होगा।
प्रवीण कुमार गुडुरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण संदीप सिंह और अविनाश रोहरा ने किया है। अंजना दक्षिण भारतीय बहू का किरदार निभा रही हैं, तो राकेश बाबू उनके पति की भूमिका में हैं। फिल्म में अमित शुक्ला, विद्या सिंह, प्रेम दुबे, अनु ओझा, प्रकाश जैस, राम बाबू कंचेर्ला, जया नायडू और जया राव जैसे कलाकार भी हैं। संगीत ओम झा का है और गीत अरबिंद तिवारी ने लिखे हैं।
कहानी एक दक्षिण भारतीय लड़की की है जो यूपी के लड़के से प्रेम विवाह करती है। शादी के बाद उसे यूपी की भाषा, खाना, रीति-रिवाज सब नया लगता है। इससे घर में हास्य के कई दृश्य बनते हैं जो दर्शकों को हंसाने पर मजबूर कर देते हैं। साथ ही भावुक मोमेंट्स भी हैं जो दिल को छू जाते हैं।
फिल्म सांस्कृतिक अंतर को मजेदार तरीके से पेश करती है और दोनों संस्कृतियों के बीच समझदारी का संदेश देती है। 28 फरवरी से यूट्यूब पर उपलब्ध यह फिल्म भोजपुरी प्रेमियों के लिए बेहतरीन तोहफा साबित होगी।