
भोजपुरी सिनेमा की चहेती अभिनेत्री आम्रपाली दुबे जल्द ही फिल्म ‘सास बहू यमराज’ में धमाल मचाने वाली हैं। विक्रांत सिंह के अपोजिट नजर आएंगी आम्रपाली। बुधवार को फिल्म का पहला गाना ‘सासुजी सुनीं’ रिलीज हो गया, जो दर्शकों को खूब भा रहा है।
गाने में सास-बहू की नोंकझोंक को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया गया है। आम्रपाली अपनी सास को मनाने के अंदाज में कमाल कर रही हैं। पारिवारिक रिश्तों की यह मस्ती भरी झलक भोजपुरी फैंस के दिलों को छू गई है। अब सब फिल्म के रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आम्रपाली ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर गाने का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘सासुजी सुनीं रिलीज हो चुका है!’ अल्का झा की सुरीली आवाज, धरम हिंदुस्तानी के शानदार बोल और ओम झा का संगीत इस गाने को खास बनाते हैं।
संजय श्रीवास्तव के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता रोशन सिंह हैं। फिल्म में समर्थ चतुर्वेदी, अयाज खान, श्रद्धा नवल, विद्या सिंह, साहिल सिद्दीकी, रितु चौहान और अवधेश मुखिया जैसे कलाकार भी हैं।
कहानी कोर्ट मैरिज से शुरू होती है, जहां लड़के की मां कलावती को यह शादी नापसंद आती है। समाज की मर्यादा बचाने दोबारा शादी होती है। फिर चित्रगुप्त और यमराज का प्रवेश कहानी को नया मोड़ देता है। दोनों महिलाएं यमराज को भाई बना लेती हैं, जो हास्य से भरपूर सीन देगा।
ट्रेलर रिलीज हो चुका है और सास-बहू की यह कॉमेडी भोजपुरी दर्शकों को पसंद आने वाली है। आम्रपाली दुबे एक बार फिर कमाल दिखाएंगी।