
मुंबई। अक्षय कुमार की ब्लॉकबस्टर फिल्मों के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। उनकी नई हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ का मोशन पोस्टर रिलीज होते ही वायरल हो गया है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म दोनों की जोड़ी को 16 साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर ला रही है। ‘हेरा फेरी’ और ‘भागम भाग’ जैसी सुपरहिट्स के बाद यह नया प्रोजेक्ट फैंस का इंतजार खत्म करने को तैयार है।
पोस्टर में अक्षय का लुक देखते ही बनता है। वे भूतों के सिरों से सजा खतरनाक सिंहासन पर विराजमान हैं। काला चश्मा, रुद्राक्ष की मालाएं गले व हाथों में, धोती पहने एक हाथ में जपमाला लिए तांत्रिक बाबा का रूप धारण किए हैं। धुंधले अंधेरे बैकग्राउंड ने सस्पेंस को और गहरा दिया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए अक्षय ने लिखा, ‘दस को देंगे दस्तक, इंतजार करो तब तक। मस्ती शुरू होने दो।’ 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली फिल्म को लेकर उत्साह चरम पर है। फैंस कमेंट्स में बौछार कर रहे हैं। एक ने कहा, ‘भूल भुलैया जैसी कॉमेडी लौट आई!’ दूसरे ने काउंटडाउन शुरू कर दिया। कईयों ने लुक को ‘खतरनाक’ और ‘नया’ बताया।
यह फिल्म हॉरर और हास्य का बेहतरीन मेल साबित होगी, जो बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाएगी।