
मुंबई। हाउसफुल 2 की सुपरहिट जोड़ी अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और श्रेयस तलपड़े एक बार फिर छोटे पर्दे पर साथ दिखे। अक्षय द्वारा होस्ट किए जा रहे गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून में इन सितारों ने कमाल कर दिया। शो का हर लम्हा हंसी, रोमांच और दिमागी कसरत से भरा रहा।
रितेश देशमुख ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘अक्षय के साथ यह गेम खेलना खास रहा। उनकी शानदार हाजिरजवाबी और एनर्जी हर पल को यादगार बना देती है। क्लू सॉल्व करना, हंसना और इस फॉर्मेट का मजा लेना अद्भुत था। यह शो दिमाग को तेज रखता है और दिल को हंसाता है। हर स्पिन में नया ट्विस्ट आता है, सेट की ऊर्जा गजब की थी।’
रितेश के साथ आईं जेनेलिया देशमुख बोलीं, ‘अक्षय के सेट पर माहौल जीवंत हो जाता है। उनकी मौजूदगी हंसी-मजाक और मनोरंजन का त्योहार मना देती है। बुद्धि और फन का यह मिश्रण कमाल का है। शब्द अनुमान लगाने का रोमांच और व्हील के स्पिन का थ्रिल आपको बांधे रखते हैं।’
श्रेयस तलपड़े ने कहा, ‘अक्षय दादा के साथ स्टेज शेयर करना हमेशा मजेदार होता है। उनकी फुर्ती तुरंत उत्साह बढ़ा देती है। शो में सस्पेंस, मजा और तेज गेमप्ले का शानदार कॉम्बिनेशन है। आखिरी सेकंड तक यह आपको सोचने पर मजबूर करता है – रोमांचक और मनोरंजक।’
2012 की ब्लॉकबस्टर हाउसफुल 2 में इन कलाकारों ने जॉन अब्राहम, असिन आदि के साथ धूम मचाई थी। अब यह रीयूनियन फैंस के लिए पुरानी यादें ताजा कर रहा है। व्हील ऑफ फॉर्च्यून का यह एपिसोड हंसी-मजाक और चतुराई भरा होने वाला है।