
होली का त्योहार करीब आते ही पूरे देश में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी है। बाजार रंग-बिरंगे सजावट से जगमगा रहे हैं और संगीत प्रेमी भी तैयार हैं। भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह इस बार होली पर धमाल मचाने आ रही हैं। उनका नया गाना ‘होली पे चले गोली’ का टीजर गुरुवार को रिलीज हो गया, जिसमें उनके साथ अभिनेता वरुण शर्मा भी दिख रहे हैं।
अक्षरा ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि टीजर अब ‘बीलाइव म्यूजिक’ के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। उन्होंने फैंस से अपील की कि टीजर देखें और अपनी राय कमेंट में बताएं। वीडियो में होली की मस्ती, रंगों की बौछार और धांसू बीट्स का जबरदस्त संगम है, जो हर किसी को नाचने पर मजबूर कर देगा।
फैंस का रिएक्शन कमाल का है। कमेंट बॉक्स में ‘सुपरहिट’, ‘होली का सबसे धांसू गाना’ जैसे शब्दों की बाढ़ आ गई है। अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की टॉप स्टार्स में शुमार हैं। उनका अभिनय हो या गायकी, दोनों ही क्षेत्रों में वे लाखों दिलों पर राज करती हैं।
हाल ही में रिलीज हुए उनके गाने ‘भोली सी मईया’, ‘चल जाईब मायके’ और भक्ति गीत ‘केलवा के पात’ ने भी खूब धूम मचाई। अक्षरा की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में रही। पवन सिंह के साथ उनके रिश्ते ने काफी चर्चा बटोरी, लेकिन ब्रेकअप के बाद लगाए गए आरोपों ने विवाद खड़ा कर दिया।
फिर भी अक्षरा ने हार नहीं मानी। ‘होली पे चले गोली’ इस होली का सबसे बड़ा हिट साबित होने वाला है। सभी तैयार हो जाएं, क्योंकि ये गाना आपकी प्लेलिस्ट पर छा जाएगा।