
हिंदी सिनेमा की सबसे डरावनी फिल्मों में शुमार ‘शैतान’ को रिलीज हुए दो साल हो गए हैं। इस मौके पर लीड एक्टर अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर एक एआई जनरेटेड वीडियो शेयर किया, जो देखते ही बना डर की दुनिया में ले जाता है।
वीडियो में अजय भीड़भाड़ वाली सड़क पर चलते नजर आते हैं। सब सामान्य लगता है, लेकिन अचानक आर. माधवन का वो खतरनाक किरदार प्रकट हो जाता है, जिसने फिल्म में उनके परिवार को तबाह कर दिया था। यह सीन इतना रियलिस्टिक है कि फैंस सीक्वल की अफवाहों पर यकीन करने लगे हैं।
अजय ने कैप्शन में लिखा, ‘शैतान और उसके लड्डू पीछा नहीं छोड़ रहे। शैतान के दो साल।’ फिल्म में लड्डू खलनायक की चाल का अहम हिस्सा हैं, जो कहानी को भयावह मोड़ देते हैं।
कहानी की शुरुआत एक खुशहाल परिवार से होती है। अजय देवगन पिता की भूमिका में हैं, जो पत्नी और बच्चों संग फार्महाउस पर छुट्टियां मना रहे हैं। रास्ते में ढाबे पर रुकते हैं, जहां माधवन का रहस्यमयी शख्स मिलता है।
वह अजय की बेटी पर कब्जा कर लेता है और फार्महाउस तक पहुंच जाता है। फिर शुरू होता है डर का सिलसिला। माधवन परिवार पर अजीब शर्तें थोपता है- खुद बेटी को उसके साथ जाने की इजाजत दें। अपनी शक्तियों से वह सबको मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश करता है।
फिल्म पिता की बेटी बचाने की जंग को बखूबी दिखाती है। अजय और माधवन की एक्टिंग ने दर्शकों को बांध रखा। दो साल बाद भी यह पोस्ट साबित करता है कि ‘शैतान’ का जादू बरकरार है।