
मुंबई। अभिनेता अदिवि शेष अपनी नई फिल्म ‘डकैत’ की जबरदस्त सफलता के लिए वारंगल के प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर पहुंचे। मृणाल ठाकुर के साथ नजर आने वाली इस फिल्म की कहानी एक धोखेबाज प्रेमिका से बदला लेने वाले गुस्सैल अपराधी की है। एक्शन और इमोशंस से भरपूर यह फिल्म अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मंदिर में दर्शन कर प्रमोशन की शुरुआत करने वाले अदिवि ने कहा, ‘हर फिल्म की असली शुरुआत कैमरे रोल होने से पहले हो जाती है। ‘डकैत’ मेरे लिए बेहद खास रही है, मैं इसके स्क्रिप्ट से ही जुड़ा हुआ था।’
हाल ही में रिलीज हुए रोमांटिक गाने ‘रूबरू’ ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। अदिवि और मृणाल पर फिल्माया गया यह गीत फहीम अब्दुल्लाह और चिन्मयी श्रीपदा की आवाज में है। रीतेश राजवाड़ा के बोल और भीम्स सीसिरोलियो का संगीत इसे और भी खास बनाता है। गाना दोनों किरदारों के गहरे रिश्ते को बखूबी दर्शाता है।
अदिवि ने कहा, ‘यह गाना फिल्म की भावुक परतों को उजागर करता है। दर्शकों से आशीर्वाद लेकर हम कहानी साझा करने को बेताब हैं।’ शेनिल देव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रकाश राज, सुनील, अतुल कुलकर्णी, जैन मैरी खान, कामाक्षी भास्कर और अनुराग कश्यप जैसे सितारे हैं। सुप्रिया यारलागड्डा की निर्माण और अन्नपूर्णा स्टूडियो की प्रस्तुति में यह फिल्म धमाल मचाने को तैयार है।
अदिवि की आस्था से प्रेरित प्रमोशन से ‘डकैत’ के ब्लॉकबस्टर बनने की पूरी उम्मीद है।