
नई दिल्ली में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक को द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती का प्रतीक बताते हुए पीएम मोदी ने सेशेल्स को भारत के महासागर विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा ठहराया।
सोशल मीडिया एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए मोदी ने लिखा कि यह दौरा सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष और भारत-सेशेल्स संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के समय हो रहा है। दोनों देश इतिहास और भविष्य के साझा विजन से जुड़े हैं। समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स हमारी महासागर महत्वाकांक्षाओं का अभिन्न अंग है।
बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापक चर्चा की, जिसमें सुरक्षा, विकास और स्थिरता पर जोर दिया गया। मोदी ने हर्मिनी को अक्टूबर 2025 के चुनावों में जीत की बधाई दी। संबंधों को जन-केंद्रित बताते हुए पश्चिमी हिंद महासागर में शांति सुनिश्चित करने पर बल दिया।
हर्मिनी ने भारत को विश्वसनीय साझेदार करार दिया और विकास सहायता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। नियमित उच्चस्तरीय बैठकों की आवश्यकता पर सहमति बनी। भारत ने 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की, जो आवास, स्वास्थ्य, रक्षा, ई-मोबिलिटी और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देगा।
संयुक्त प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि ये संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक-सांस्कृतिक हैं। यह शिखर सम्मेलन हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग की नई ऊंचाइयों का संकेत देता है।