
नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत में ईंधन की कोई कमी नहीं है। देश के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है, जो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आने वाली सामान्य आपूर्ति से कहीं ज्यादा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और गलत सूचनाओं को बढ़ावा न दें।
मंत्री ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह मजबूत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक कुशलता से भारत ने अतिरिक्त तेल जमा कर लिया है। पश्चिम एशिया के तनाव के बावजूद आयात स्रोत विविध हैं। अब 40 देशों से तेल आ रहा है, जिससे आपूर्ति बाधित नहीं हो रही।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सीएनजी व पीएनजी की सप्लाई निर्बाध जारी है। सरकार सस्ती ऊर्जा हर घर तक पहुंचाने को प्रतिबद्ध है। ‘घरों में कमी नहीं, घबराहट की कोई बात नहीं,’ पुरी ने कहा।
विदेश मंत्रालय ने भी भारतीयों की सुरक्षा और जहाजों की निगरानी पर जोर दिया। ईरान के साथ विदेश मंत्री जयशंकर की तीन दौर की बातचीत ऊर्जा व नौवहन सुरक्षा पर केंद्रित रही। भारत की रणनीति संकटों से ऊपर है।