
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सपाट शुरुआत की। सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स में महज 7 अंकों की बढ़त के साथ 83,458 पर और निफ्टी में 1 अंक की तेजी के साथ 25,724 पर कारोबार हो रहा था। शुरुआती दौर में मेटल शेयरों ने बाजार को सहारा दिया।
निफ्टी मेटल इंडेक्स लगभग 1 प्रतिशत की उछाल के साथ शीर्ष लाभकर्ता बना। पीएसयू बैंक, कमोडिटीज, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंडिया डिफेंस, हेल्थकेयर, एफएमसीजी, फार्मा और रियल्टी सेक्टर भी हरे निशान में नजर आए। दूसरी ओर आईटी, एनर्जी और सर्विसेज सेक्टर लाल निशान में रहे।
लार्जकैप की तुलना में मिडकैप और स्मॉलकैप में बेहतर प्रदर्शन देखा गया। निफ्टी मिडकैप 100 में 172 अंकों या 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,054 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 59 अंकों या 0.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,208 पर पहुंचा।
सेंसेक्स के प्रमुख लाभकर्ताओं में टाटा स्टील, बीईएल, आईटीसी, एसबीआई, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एमएंडएम, सन फार्मा, टाइटन, इंदिगो, इटरनल, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल शामिल रहे। वहीं इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, कोटक महिंद्रा बैंक और एनटीपीसी नुकसान में रहे।
विशेषज्ञों का कहना है कि तीसरी तिमाही के मजबूत नतीजों और वैश्विक सकारात्मक संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। हालांकि एआई के प्रभाव से आईटी शेयरों में उतार-चढ़ाव बरकरार रह सकता है। वैश्विक बाजारों में शंघाई, सोल और हांगकांग छुट्टियों के कारण बंद थे, जबकि टोक्यो आदि में तेजी रही। अमेरिकी बाजार मंगलवार को ऊंचे स्तर पर बंद हुए।
कमोडिटी बाजार में भी रौनक बनी हुई है। डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.19 प्रतिशत चढ़कर 62.38 डॉलर, ब्रेंट 0.28 प्रतिशत मजबूत होकर 67.60 डॉलर प्रति बैरल। सोना 0.66 प्रतिशत बढ़कर 4,938 डॉलर प्रति औंस और चांदी 74.54 डॉलर पर। बाजार की नजर अब आगे के संकेतों पर है।