2030 तक भारत का प्राइवेट क्रेडिट मार्केट 65 अरब डॉलर तक पहुँच सकता है

भारत के प्राइवेट क्रेडिट सेगमेंट में तेज़ी से इज़ाफ़े की उम्मीद जताई गई है। कारेएज रेटिंग्स की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में 21.8 अरब डॉलर के स्तर पर मौजूद एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) तकरीबन 21 से 24 फीसदी की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) के साथ 2030 तक 56 से 65 अरब डॉलर के बीच पहुंचने की संभावना है। यह पाँच साल में लगभग दोगुने से अधिक का विस्तार दर्शाता है।
हालांकि, यह क्षेत्र अभी अपने शुरुआती चरण में है। भारत की जीडीपी में इसका हिस्सा केवल 0.6 फीसदी है, जबकि अमेरिका और ब्रिटेन में क्रमशः 4.4 फीसदी और 8.4 फीसदी है। यह अंतर दिखाता है कि दीर्घकालिक विकास के लिए अभी भी बहुत बड़ा अवसर बाकी है।
देश में क्रेडिट-टू-जीडीपी अनुपात में भी सुधार देखा गया है। 2022 में यह 88.3 फीसदी पर गिर गया था, लेकिन 2023 और 2024 में यह क्रमशः 93.8 फीसदी और 95.3 फीसदी हो गया। 2025 में इसमें 102.3 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान है। जबकि विकसित अर्थव्यवस्थाओं में यह अनुपात 140 से 200 फीसदी के बीच बना हुआ है।
प्राइवेट क्रेडिट प्लेटफॉर्म अब मध्यम आकार की कंपनियों और विकासशील स्टार्टअप्स को वित्त पोषण प्रदान कर रहे हैं, जिन्हें पारंपरिक बैंकों से पर्याप्त ऋण नहीं मिल पाता। सख्त बैंकिंग नियमों, अनुकूलित वित्तीय समाधानों की बढ़ती मांग, मजबूत दिवाला प्रणाली और बड़ी डिब्ट रिफाइनैंसिंग अवसरों ने इस क्षेत्र को गति दी है।
कारेएज एडवाइजरी की सीनियर डायरेक्टर तन्वी शाह का मानना है कि लचीले कॉर्पोरेट कैपिटल की मांग के कारण मार्केट 2030 तक 65 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि डायरेक्ट लेंडिंग, वेंचर डेट, रियल एस्टेट क्रेडिट और स्पेशल सिचुएशंस इस बढ़त का नेतृत्व करेंगे। टिकाऊ रिटर्न के लिए कड़े लोन प्राइसिंग और जोखिम के अनुसार ब्याज दरों की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।
वहीं, कारेएज एडवाइजरी के असिस्टेंट डायरेक्टर कल्पेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्राइवेट क्रेडिट पारंपरिक बैंकिंग को प्रतिस्थापित नहीं करेगा, बल्कि उसका पूरक बनेगा। यह उन उधारकर्ताओं को वित्त पोषण देगा जिनकी जरूरतें पारंपरिक माध्यमों से पूरी नहीं होतीं। भविष्य में डायरेक्ट लेंडिंग और वेंचर डेट इस क्षेत्र की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली रणनीतियां साबित होंगी।
