
भारत के रियल एस्टेट बाजार में 2025 एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ है। दिल्ली से सटे गुरुग्राम ने मुंबई को पीछे छोड़ते हुए 10 करोड़ रुपये और इससे अधिक मूल्य के घरों की बिक्री में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में इस श्रेणी के घरों की कुल बिक्री मूल्य 24,120 करोड़ रुपये रही।
पिछले साल 1,494 अल्ट्रा-लक्जरी आवास बिके, जो अब तक का रिकॉर्ड है। 2023 में यह आंकड़ा महज 4,004 करोड़ था, जो दो सालों में लगभग छह गुना उछाल दिखाता है। औसत मूल्य 16 करोड़ रुपये और आकार 5,000 वर्ग फुट रहा।
4,000-6,000 वर्ग फुट के घरों की बिक्री सबसे ज्यादा, जबकि 8,000 वर्ग फुट से बड़े मकानों ने कुल मूल्य का 22 प्रतिशत योगदान दिया। शहर के आवासीय बाजार में इस सेगमेंट की हिस्सेदारी 24 प्रतिशत रही।
इंडिया सोथबीज की टीना तलवार कहती हैं, ‘यह उछाल अब पुराने इलाकों तक सीमित नहीं। द्वारका एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड जैसे क्षेत्र नई गति दे रहे हैं।’ सीआरई मैट्रिक्स के अभिषेक किरण गुप्ता ने बताया कि दस गुना वृद्धि खरीदारों के भरोसे को दर्शाती है, जो ब्रांडेड प्रोजेक्ट्स और बेहतर सुविधाओं पर जोर दे रहे हैं।
यह बदलाव उच्च आय वालों और एनआरआई की मांग से प्रेरित है, जो गुरुग्राम को लग्जरी हब बना रहा है। आने वाले समय में बुनियादी ढांचे के सुधार से यह ट्रेंड और मजबूत होगा।