
गांधीनगर, 27 फरवरी। गुजरात के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने घोषणा की है कि दुनिया के शीर्ष हाई-टेक उद्योगों में से चार गुजरात में निवेश करने जा रहे हैं। 2026-27 के राज्य बजट पर चर्चा के दौरान मंत्री ने बताया कि रणनीतिक निवेश, मजबूत वित्तीय प्रबंधन और उद्योग हितैषी नीतियों ने गुजरात को आर्थिक विकास व तकनीकी प्रगति में अग्रणी बनाया है।
राज्य की बेहतरीन अवसंरचना और अनुशासित अर्थव्यवस्था प्रतिभा व पूंजी को आकर्षित कर रही है। मोढवाडिया ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सानंद में माइक्रोन सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे, जो भारत के तकनीकी क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
इससे प्रतिभा पलायन रुक रहा है और भारतीय विशेषज्ञ विदेश से लौटकर योगदान दे रहे हैं। कोविड-19 के दौरान पीएम मोदी के नेतृत्व में तीन वैक्सीन रिकॉर्ड समय में बने और 140 करोड़ लोगों को मुफ्त मिले। भारत ने वैश्विक सहायता भी दी।
कृषि क्षेत्र में सीएम भूपेंद्र पटेल ने मूंगफली खरीद पर 15,000 करोड़ खर्च किए। मानसून आपदा में 16,000 गांवों के किसानों को 11,000 करोड़ सीधे खाते में हस्तांतरित। अब किसान ऑनलाइन 7/12 व 8-ए अभिलेख प्राप्त कर सकते हैं। गुजरात का वित्तीय अनुशासन विकास की गारंटी है।