
मुंबई के कीमती धातु बाजार में मंगलवार को सोना चमका, वहीं चांदी की चमक फीकी पड़ गई। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 1021 रुपये चढ़कर 10 ग्राम पर 1,59,241 रुपये पहुंच गया। सोमवार को यह 1,58,220 रुपये पर बंद हुआ था।
22 कैरेट सोना 1,44,930 रुपये से बढ़कर 1,45,865 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,18,665 रुपये से उछलकर 1,19,431 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सोने को निवेशकों का भरोसा बना हुआ है।
चांदी में उल्टी तस्वीर दिखी। इसका दाम 1163 रुपये गिरकर प्रति किलो 2,62,912 रुपये रह गया, जो पहले 2,64,075 रुपये था। एमसीएक्स पर भी सोना (अप्रैल 2026) 0.97 प्रतिशत लुढ़ककर 1,60,037 रुपये और चांदी (मार्च 2026) 2.01 प्रतिशत टूटकर 2,59,999 रुपये पर आ गई।
दुनिया भर के बाजारों में सोना 5,175 डॉलर प्रति औंस (0.96% नीचे) और चांदी 87.49 डॉलर (1.07% ऊपर) पर कारोबार कर रही थी। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोना रेंज में कमजोर रहा और कॉमेक्स पर 5175 डॉलर की बाधा का सामना किया।
सोने का सपोर्ट 1,58,000 रुपये और रेजिस्टेंस 1,62,500 रुपये के आसपास है। वैश्विक अस्थिरता से उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। निवेशक आर्थिक आंकड़ों और भू-राजनीतिक घटनाओं पर नजर रखें।