
मुंबई के शेयर बाजार में गुरुवार को व्यापक गिरावट के बावजूद एनर्जी सेक्टर ने कमाल कर दिखाया। निफ्टी एनर्जी इंडेक्स दोपहर 1:30 बजे तक 1.94 प्रतिशत चढ़कर सभी सूचकांकों में शीर्ष पर रहा। शेयरों में एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी 14.90 प्रतिशत, अदाणी टोटल गैस 9.99 प्रतिशत, एनएलसी इंडिया 8.07 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
जेएसडब्ल्यू एनर्जी 7.56 प्रतिशत, टाटा पावर 5.43 प्रतिशत, जयप्रकाश पावर 5.42 प्रतिशत, अदाणी पावर 5.26 प्रतिशत, बीएचईएल 5.14 प्रतिशत, टोरंट पावर 4.84 प्रतिशत, कोल इंडिया 4.54 प्रतिशत और एनटीपीसी 1.91 प्रतिशत ऊपर बंद हुए।
एसबीआई सिक्योरिटीज के सन्नी अग्रवाल का कहना है कि देश में प्रचंड गर्मी और कच्चे तेल-गैस की आपूर्ति में रुकावट से बिजली की मांग बढ़ रही है। मध्य पूर्व के तनाव से तेल और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे लोग इंडक्शन चूल्हा जैसे उपकरणों पर स्विच कर रहे हैं।
इससे बिजली खपत बढ़ी है और एनर्जी कंपनियों को फायदा हो रहा है। दूसरी ओर सेंसेक्स 246 अंक या 0.32 प्रतिशत गिरकर 76,634 और निफ्टी 52 अंक या 0.22 प्रतिशत लुढ़ककर 23,813 पर था।
मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56,628 पर और स्मॉलकैप 16,408 पर मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। गर्मी और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच एनर्जी सेक्टर निवेशकों का भरोसा जीत रहा है। यह रुझान बाजार की दिशा तय कर सकता है।