
नई दिल्ली। साउथ ब्लॉक में केंद्रीय कैबिनेट की अंतिम बैठक में सड़क और रेलवे क्षेत्र के 1,60,504 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। अब कैबिनेट की बैठकें सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स में होंगी, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किया।
इस नए परिसर में पीएमओ, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय समाहित हैं। साउथ ब्लॉक की आखिरी बैठक में कैबिनेट ने रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेट्रो विस्तार, शहरी सुधार और स्टार्टअप फंडिंग पर कई बड़े फैसले लिए।
शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के अर्बन चैलेंज फंड की मंजूरी दी गई। इसमें केंद्र 25 प्रतिशत सहायता देगा, बशर्ते 50 प्रतिशत फंड बाजार से जुटाया जाए। दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र व कर्नाटक के 12 जिलों में तीन रेल परियोजनाओं को 18,509 करोड़ रुपये मिले, जो 389 किमी नेटवर्क बढ़ाएंगी।
स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने हेतु 10,000 करोड़ के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को हरी झंडी। महाराष्ट्र में एनएच-160ए के 154.635 किमी खंड का पुनर्निर्माण 3,320.38 करोड़ में मंजूर।
तेलंगाना में हैदराबाद-पणजी कॉरिडोर पर एनएच-167 का चौड़ीकरण 3,175.08 करोड़ से चार लेन होगा। गुजरात के एनएच-56 के दो खंडों को 4,583.64 करोड़ से अपग्रेड किया जाएगा। ये निर्णय भारत की इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।