
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को ऐलान किया कि नामरूप-बोरहाट ब्लॉक में कच्चे तेल की बड़ी खोज के बाद असम देश का एकमात्र राज्य बन गया है जो सीधे तौर पर तेल का उत्पादन कर रहा है। यह खोज राज्य की आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी।
एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए सीएम ने कहा कि असम केवल अपने गौरवशाली अतीत के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि यह लगातार नए कीर्तिमान रच रहा है। डिगबोई के ऐतिहासिक तेल कुएं से शुरू हुई यह यात्रा अब नामरूप-बोरहाट के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है।
इस खोज से राज्य के राजस्व में इजाफा होगा, विकास की रफ्तार तेज होगी। ऊपरी असम में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, सहायक उद्योग फलेंगे-फूलेंगे और बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्वदेशी खोजें भारत की तेल आयात निर्भरता घटाएंगी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगी। राज्य सरकार के सुधारों ने निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सरमा ने जोर देकर कहा कि असम अपनी विरासत को भविष्योन्मुखी नीतियों के साथ जोड़कर आगे बढ़ रहा है। यह उपलब्धि असम की राष्ट्रीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती भूमिका का प्रमाण है। राज्य आर्थिक समृद्धि और औद्योगिक विस्तार की ओर अग्रसर है।