
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ई20 फ्यूल को लेकर चल रही आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह आलोचना तकनीकी समस्या के कारण नहीं है, बल्कि अमीर और प्रभावशाली पेट्रोल लॉबी द्वारा फैलाया गया एक प्रोपेगंडा है। गडकरी ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ एक पेड कैंपेन भी चलाया जा रहा है। ई20 फ्यूल, पेट्रोल और इथेनॉल का मिश्रण है, जिसमें 80% पेट्रोल और 20% इथेनॉल होता है। सरकार इसे ग्रीन एनर्जी ट्रांजिशन की दिशा में महत्वपूर्ण मानती है। गडकरी ने ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव में कहा कि ई20 फ्यूल को लेकर सोशल मीडिया पर जो अफवाह फैलाई जा रही है, वह पेट्रोल लॉबी का काम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तकनीक भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगी और प्रदूषण कम करने में मदद करेगी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि ई20 फ्यूल से माइलेज पर पड़ने वाले असर को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। गडकरी ने वैकल्पिक ईंधन और नई बैटरी टेक्नोलॉजी पर भारत के फोकस पर भी जोर दिया।






