Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सक्रिय मामलों की संख्या डेढ़ लाख से नीचे

06 फरवरी (वार्ता) देश में कोरोना संक्रमण की मंद पड़ती रफ्तार के बीच इस महामारी को मात देने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से सक्रिय मामले अब डेढ़ लाख से नीचे आ गये हैं वहीं एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार दैनिक मौतों की संख्या 100 से कम रही।
इस बीच देश में अब तक 54 लाख 16 हजार 849 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 11,713 नये मामले सामने आये , जिससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ आठ लाख 14 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 14,488 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 10 हजार 796 हो गयी है। वहीं सक्रिय मामले 2870 घटकर 1.48 लाख रह गये हैं। इसी अवधि में 95 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 54 हजार 918 हो गया। इससे पहले दो फरवरी को 94 मरीजों की जान गयी थी।
देश में रिकवरी दर बढ़कर 97.19 हो गयी है और सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.37 प्रतिशत रह गयी है जबकि मृत्युदर अभी 1.43 प्रतिशत है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 925 सक्रिय मामले कम हुए और इनकी संख्या अब 35,188 रह गयी है वहीं 3513 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.52 लाख हो गयी है जबकि 40 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,255 हो गया है।
केरल में इसी दौरान 1062 सक्रिय मामले कम हुए हैं और सर्वाधिक 6653 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 68,047 रह गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.84 लाख हो गया है जबकि 19 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3832 हो गयी है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 12 बढ़े हैं और इनकी संख्या अब 1206 हो गयी है। वहीं दो और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10,873 हो गया है। दिल्ली में अब तक 6.23 लाख से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।