Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

योगी ने एमएसपी के तहत धान खरीद में और तेजी लाने के दिए निर्देश

03 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एमएसपी के तहत धान खरीद की कार्यवाही तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को 72 घण्टे के अन्दर उनकी उपज के मूल्य का भुगतान हो जाए। उन्होंने गेहूं क्रय वर्ष 2021-22 के दौरान की जाने वाली खरीद कार्यवाही की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने वरासत अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए अभियान को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनियों में दर्ज करने की कार्यवाही निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार सहारनपुर, अलीगढ़ तथा आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालयों की स्थापना करा रही है। उन्होंने कहा कि इन विश्वविद्यालयों की स्थापना के सम्बन्ध में सभी आवश्यक कार्यवाही तेजी से की जाए। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग को विश्वविद्यालयों की स्थापना से जुड़े सभी कार्यों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
श्री योगी ने कहा कि अयोध्या के पुरातन, ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत केन्द्र व राज्य सरकार इसके प्राचीन गौरव के अनुरूप प्रतिष्ठित करने का कार्य कर रही हैं। अयोध्या के विश्वस्तरीय विकास के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्पित है। उन्होंने अयोध्या की विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए हैं।