
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में स्थित विचारपुर गांव, जिसे भारत का ‘मिनी ब्राजील’ कहा जाता है, अब खेल सुविधाओं के मामले में नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है। युवा एवं खेल कल्याण विभाग ने करीब 5 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फुटबॉल ग्राउंड के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह ग्राउंड पवेलियन, कॉम्प्लेक्स और महिलाओं के लिए अलग शौचालय जैसी सभी सुविधाओं से लैस होगा।
गांव में फुटबॉल का जुनून हर घर में बस्ता है। लगभग प्रत्येक परिवार से कोई न कोई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मैदान सजाकर आ चुका है। संसाधनों की कमी के बावजूद 30 साल पुरानी इस परंपरा ने गांव को देश-विदेश में अलग पहचान दिलाई। 2023 में गांव के नौनिहालों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने ‘मन की बात’ में इसका जिक्र किया।
पूर्व खिलाड़ी सफदर हुसैन बोहरा ने बताया कि कठिनाइयों के बीच खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय पटल पर नाम कमाया। जर्मनी में ट्रेनिंग का मौका भी यही प्रेरणा लेकर आया। कोच लक्ष्मी सईस और सानिया कुंडे ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया, कहा कि इससे युवाओं को प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
ब्लॉक समन्वयक अजय सोंधिया के अनुसार, अब तक बेहतर मैदान न होने से प्रतिभाएं दब रही थीं, लेकिन यह स्टेडियम नई दिशा देगा। नन्हे यश बैगा और वंश बैगा बेहतर अभ्यास के उत्साहित हैं। एसपी अभिषेक दीवान ने पुष्टि की कि निर्माण शीघ्र पूरा होगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय कोचों का आना बढ़ेगा। मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी अब वैश्विक स्तर पर चमकेंगे।