
नई दिल्ली। भारत में फरवरी महीने में खुदरा महंगाई दर 3.21 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो जनवरी के 2.74 प्रतिशत से 0.47 प्रतिशत अधिक है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने गुरुवार को यह आंकड़े जारी किए।
ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई 3.37 प्रतिशत रही, जो जनवरी के 2.73 प्रतिशत से बढ़ी। शहरी इलाकों में यह 3.02 प्रतिशत पर रही, जनवरी के 2.75 प्रतिशत के मुकाबले। खाद्य महंगाई 3.47 प्रतिशत रही, जिसमें ग्रामीण 3.46 और शहरी 3.48 प्रतिशत दर्ज किया गया।
सालाना आधार पर सबसे ज्यादा सस्ते हुए लहसुन (-31.09%), प्याज (-28.20%), आलू (-18.46%), अरहर (-16%) और लीची (-11.52%)। दूसरी ओर, सिल्वर ज्वेलरी (160.84%), सोना/हीरा/प्लेटिनम ज्वेलरी (48.16%), कोपरा (46.16%), टमाटर (45.29%) और फूलगोभी (43.77%) महंगे हुए।
श्रेणीवार: खाद्य एवं पेय 3.35%, तंबाकू उत्पाद 3.49%, कपड़े-जूते 2.81%, आवास-ईंधन 1.52%, शिक्षा सेवाएं 3.33%।
50 लाख से अधिक आबादी वाले राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई तेलंगाना (5.02%), राजस्थान (3.53%), केरल (3.50%), आंध्र प्रदेश (3.45%) और प. बंगाल (3.44%) में।
आंकड़े एनएसएसओ के क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा 1407 शहरी बाजारों और 1465 गांवों से साप्ताहिक एकत्र किए गए। फरवरी में 100% कवरेज और उच्च रिपोर्टिंग दर सुनिश्चित की गई।
ये आंकड़े बताते हैं कि सब्जियों के सस्ते दामों से राहत मिली, लेकिन अन्य क्षेत्रों में उछाल चिंता का विषय है। नीति निर्माताओं को आपूर्ति श्रृंखला पर नजर रखनी होगी।