
मुंबई। अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ का धमाकेदार टीजर रिलीज हो गया है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म मंगलपुर के एक भूतिया बंगले की कहानी पर आधारित है, जहां शादी करना सख्त मना है। टीजर में वधूसुर नामक भूतिया दुल्हन का आंशिक चेहरा दिखाया गया है, जिसकी पहचान का रहस्य दर्शकों को बांधे रखेगा।
अक्षय शुरुआत में भूतों के अस्तित्व को नकारते हैं, लेकिन अंत तक उनकी चीखें सुनाई देती हैं। परेश रावल और राजपाल यादव की जोड़ी कमाल की कॉमेडी करती नजर आ रही है, जबकि तब्बू और वामिका गाबी भी प्रभावित करती हैं। प्रियदर्शन की पिछली हिट्स जैसे ‘हेरा फेरी’, ‘हंगामा’ और ‘भूल भुलैया’ को देखते हुए फैंस की उमंग चरम पर है।
फिल्म का पहला गाना और पोस्टर्स पहले ही रिलीज हो चुके हैं। 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में धमाल मचाने को तैयार ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर जल्द ही आएगा, जिसमें वधूसुर की पूरी झलक मिल सकती है। यह टीजर हंसी और डर का जबरदस्त मिश्रण है।