
ढाका में खेले गए पहले वनडे में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से धराशायी कर दिया। इस जीत के नायक रहे तेज गेंदबाज नाहिद राणा, जिन्होंने 7 ओवर में 24 रन देकर शानदार 5 विकेट हासिल किए। अपनी इस धांसू गेंदबाजी का पूरा श्रेय उन्होंने कोच शॉन टेट को दिया।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में राणा ने कहा, ‘सच कहूं तो टेट सर कमाल के कोच हैं। वे कोचिंग से कहीं आगे, दोस्त की तरह साथ देते हैं। हमेशा कहते हैं कि अपनी ताकत पर डटे रहो और जरूरत बताओ। उनका मानना है, ‘जो चाहिए वो बोलो, मैं गाइड करूंगा। मैदान तुम्हारा, प्लान मेरा। उसे अमल में लाकर मैच जीतो।’ उनकी प्रेरणा से हम बेहतर बनते हैं।’
140 किमी/घंटा की रफ्तार से पाक बल्लेबाजों को चक्कराते हुए राणा ने पहली बार वनडे में पंजा फेरा। उन्होंने कहा, ‘स्पीड पर ज्यादा ध्यान नहीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्किल ही राज करती है, उसी पर मेहनत जारी है।’
राणा ने मुस्तफिजुर और तस्कीन से पिच की जानकारी ली। ‘उन्होंने बताया कि सही जगह सही लाइन-लेंथ से बल्लेबाज फंस जाता है। मैंने यही किया, इस मैदान का अनुभव काम आया। हर विकेट मेरे लिए अनमोल है।’
टेट का साथ राणा के करियर को नई ऊंचाई दे रहा है। बांग्लादेश की यह जीत सीरीज के लिए मजबूत संदेश है।