
तमिल सिनेमा के मेगास्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। यह फिल्म न केवल विजय के करियर की आखिरी पारी मानी जा रही है, बल्कि दर्शकों में लंबे समय से बेचैनी पैदा कर रही है। चेन्नई से मिली ताजा खबरों के अनुसार, फिल्म की महत्वपूर्ण स्क्रीनिंग को स्थगित कर दिया गया है।
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) की रिवाइजिंग कमेटी के समक्ष सोमवार को होने वाली यह स्क्रीनिंग सेंसर सर्टिफिकेट के लिए अंतिम कदम थी। लेकिन कमेटी के एक सदस्य की अचानक खराब तबीयत के कारण कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया।
इससे पहले फिल्म का पोंगल पर 9 जनवरी को रिलीज होना था, जो सीबीएफसी की प्रारंभिक समीक्षा में अटक गया। अब दोबारा जांच के चक्कर में फंस चुकी यह फिल्म कब रिलीज होगी, यह सवाल सभी के जेहन में है।
अभिनेता श्रीमन ने सोशल मीडिया पर अपनी बेचैनी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘फिल्म लवर के रूप में मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। इसमें कई लोगों की मेहनत है। रिलीज कब होगी, यह भगवान पर छोड़ते हैं।’
फिल्म इंडस्ट्री में चर्चाएं तेज हैं। विजय के लाखों प्रशंसक अब अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। ‘जन नायकन’ का जननायक वाला किरदार और विजय का जलवा सिनेमाघरों में धमाल मचाने को बेताब है।