
हैदराबाद के गाचीबोवली हॉकी स्टेडियम में रविवार को एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2026 का धमाकेदार आगाज हुआ। इंग्लैंड, दक्षिण कोरिया और स्कॉटलैंड ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की, जिससे टूर्नामेंट में रोमांचक जंग की उम्मीदें बढ़ गईं।
पहले मैच में इंग्लैंड ने इटली को 5-2 से करारी शिकस्त दी। ग्रेस बाल्सडन ने 12वें और 32वें मिनट में दो गोल दागे, तो लोटी बिंगहैम (15′), एलिजाबेथ नील (16′) और एना टोमन (27′) ने स्कोर बढ़ाया। इटली की ओर से इवान्ना पेसिना (19′) और फेडेरिका कार्टा ने प्रयास किया, लेकिन नाकाफी रहा।
दूसरे मुकाबले में कोरिया ने ऑस्ट्रिया को 1-0 से मात दी। सियोना किम का 34वें मिनट का गोल निर्णायक साबित हुआ।
तीसरे मैच में स्कॉटलैंड ने वेल्स को 1-0 से हराया। एमी कॉस्टेलो ने दूसरे क्वार्टर में 20वें मिनट में विजयी गोल किया।
कुल आठ टीमें—भारत, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया—तीन सीधे वर्ल्ड कप टिकट के लिए भिड़ रही हैं। दो पूलों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमी और ब्रॉन्ज मैच के विजेता सीधे क्वालिफाई करेंगे, जबकि चौथे स्थान पर सर्वोच्च रैंक वाली टीम को भी मौका मिलेगा।
2026 वर्ल्ड कप में पुरुष-महिला वर्ग में 16-16 टीमें होंगी, जिनमें से नौ पहले से तय हैं। हैदराबाद का यह क्वालिफायर भविष्य तय करने वाला साबित होगा।