
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला होगा। पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों का जोश चरम पर है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भरोसा जताया है कि भारत यह मैच जीतकर इतिहास गढ़ेगा।
हावड़ा में बातचीत के दौरान शुक्ला ने कहा कि यह फाइनल किसी सामान्य मैच से कहीं बड़ा है। सभी फैंस की निगाहें भारतीय टीम पर टिकी हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वे शानदार प्रदर्शन करेंगे और ट्रॉफी घर लाएंगे।
उन्होंने बताया कि लगातार दो टी20 विश्व कप जीतना अभूतपूर्व होगा। अभी तक कोई टीम यह कमाल नहीं कर पाई है। भारतीय टीम का प्रदर्शन लाजवाब है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में अहमदाबाद में नया अध्याय लिखा जाएगा, जैसा रोहित शर्मा के समय हुआ था।
शुक्ला ने बल्लेबाजी पर जोर दिया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने सलामी जोड़ी और मध्यक्रम की कड़ी परीक्षा होगी। टूर्नामेंट में भारतीयों ने गेंदबाजों को परेशान किया है। यदि ओपनिंग मजबूत रही तो जीत पक्की।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की तारीफ करते हुए उन्होंने सतर्कता बरतने की सलाह दी। टी20 में लापरवाही महंगी पड़ती है। संजू सैमसन की लगातार शानदार शुरुआत की सराहना की। फाइनल में भी उनके बल्ले से रन बरसेंगे।
यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होगा। टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड पर पहली जीत कई रिकॉर्ड गढ़ेगी। भारत की जीत से नया दौर शुरू होगा।