
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में संतुलित आहार और त्वचा की उचित देखभाल करना मुश्किल हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर चेहरे पर पड़ता है, जहां आंखों के नीचे काले दाग, झुर्रियां, थकी हुई त्वचा और असमय बुढ़ापे के चिन्ह नजर आते हैं।
बाजार में चमकदार त्वचा के वादे करने वाले कई महंगे उत्पाद उपलब्ध हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि गहरी नींद ही चेहरे को निखारने का सबसे कारगर उपाय है। रात की अच्छी नींद शरीर की मरम्मत करती है, कोशिकाओं का निर्माण करती है और त्वचा को चमकदार बनाती है। आयुर्वेद में कहा गया है कि नींद शक्ति, पोषण, बुद्धि और सुख प्रदान करती है।
तनावग्रस्त जीवन में नींद न आने की समस्या आम है। आयुर्वेदिक नुस्खों से इसे दूर किया जा सकता है। सोने से पहले तलवों की मालिश करें, इससे तनाव घटता है और नींद गहरी आती है। गुनगुने दूध में जायफल या हल्दी मिलाकर पिएं।
रात में स्क्रीन से दूरी बनाएं, कमरे को शांत रखें और हल्की रोशनी में गहरी सांस लें। ये आदतें न केवल नींद सुधारेंगी बल्कि त्वचा को भी जवां रखेंगी। अच्छी नींद ही असली ब्यूटी सीक्रेट है।