
बर्मिंघम। भारत के उभरते बैडमिंटन सितारे लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस को 21-19, 21-23, 21-10 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने इससे पहले पहले दौर में डिफेंडिंग चैंपियन शि यू क्वी को उलटफेर के साथ हराया था। यह एंगस पर उनकी पहली जीत है, जबिक पहले तीनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।
एक घंटे 21 मिनट चले इस रोमांचक मुकाबले में सेन ने पहले गेम में आक्रामक शुरुआत की। लोंग ने 19-19 पर बराबरी की कोशिश की, लेकिन सेन ने दो महत्वपूर्ण अंक लेकर गेम लिया। दूसरे गेम में 11-4 की बढ़त बनाने के बाद लोंग ने कमाल दिखाया। 17-20 से तीन मैच पॉइंट बचाए और 20-21 पर एक और, मुकाबले को तीसरे गेम में धकेल दिया।
सेन ने मैच के बाद कहा, ‘दोनों गेम मजबूत थे। लोंग को दूसरे गेम की शानदार वापसी का श्रेय। मैंने अंत में आसान शॉट गंवा दिए, लेकिन तीसरे में पूरी ताकत झोंक दी और खेल से संतुष्ट हूं।’ उन्होंने रणनीति पर जोर दिया, ‘टैक्टिक्स सही थे, बस आखिरी पॉइंट्स में भटका। महत्वपूर्ण था पिछले गेम भूलकर प्लान पर लौटना।’
लोंग ने 20-9 पर एक मैच पॉइंट बचाया, लेकिन अंतर इतना था कि वापसी मुश्किल हो गई। सिंगल्स में बचे एकमात्र भारतीय सेन का अगला मुकाबला चीन के ली शि फेंग और आयरलैंड के न्हाट गुयेन के बीच के विजेता से होगा। यह जीत सेन को 2022 फाइनलिस्ट के रूप में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकेत दे रही है।