
कोलकाता। ईडन गार्डन्स में बुधवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के साथ प्रोटियाज का खिताबी सफर थम गया। कप्तान एडेन मार्करम ने हार के कारणों पर खुलकर बात की और प्रतिद्वंद्वी टीम की तारीफ की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 169 रन बनाए। देवाल्ड ब्रेविस ने 34, ट्रिस्टन स्टब्स ने 29 और मार्को जानसेन ने 55 रनों की नाबाद पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट के 58 और फिन एलन के नाबाद 100 रनों की शानदार साझेदारी के दम पर सिर्फ 12.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मार्करम ने कहा, ‘शुरुआत में परिस्थितियों का आकलन जरूरी था। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने नई गेंद से कमाल किया। गेंद बल्ले पर ठीक नहीं आ रही थी, कुछ रुक रही थीं, कुछ नीची हो रही थीं। रन बनाना कठिन हो गया और दबाव में विकेट गिरते गए। उनकी गेंदबाजी को सलाम।’
बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा, ‘170 तक पहुंचना अच्छा प्रयास था। मैच के बीच में लगा कि मौका है। लेकिन ऐसी पारी के आगे फील्डिंग टीम मुश्किल में पड़ जाती है।’
सीफर्ट और एलन की जोड़ी की तारीफ करते हुए मार्करम बोले, ‘पावरप्ले में उन्होंने धमाल मचा दिया। हर बाउंड्री नहीं रोकी जा सकती। वहां से मुकाबला फिसल गया। वापसी असंभव हो गई। इन दोनों को बड़ी श्रेय। आज रात हमारा दिन नहीं था।’
सुधार पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। टीम के साथ चर्चा करेंगे। विकेट अच्छा लग रहा था, लेकिन शायद बल्लेबाजी में जल्दी ढलना चाहिए था। पुराना तरीका अपनाकर 190 तक पहुंचने की कोशिश करते तो बेहतर रहता।’
कप्तान ने टीम पर भरोसा जताया, ‘नतीजे से निराशा है, लेकिन इस दल पर गर्व। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। यह एक खराब शाम थी। भावनाएं ठंडी होने दें, विश्लेषण करेंगे, कमियां सुधारेंगे। यह हार हमें मजबूत बनाएगी।’