
अमेरिका के मोंटाना राज्य ने भारत के महात्मा गांधी को पहली बार सम्मानित किया है। मोंटाना विश्वविद्यालय के माइक मैन्सफील्ड सेंटर में गांधी जी की बस्ट प्रतिमा का अनावरण किया गया। सिएटल के भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इसकी जानकारी साझा की।
इस समारोह में मोंटाना के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्टे और सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय के अध्यापक, छात्रों और मोंटाना वर्ल्ड अफेयर्स काउंसिल के सदस्यों ने भाग लिया।
गवर्नर जियानफोर्टे ने भारत सरकार को इस उपहार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के अहिंसा के सिद्धांत आज की दुनिया के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। भारत और मोंटाना के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं।
1983 में स्थापित माइक मैन्सफील्ड सेंटर नैतिक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और लोक कल्याण की भावना को युवाओं में विकसित करने का कार्य करता है।
शाम को विश्वविद्यालय परिसर में होली का धूमधाम से आयोजन हुआ। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डीना मंसूर ने इसे बसंत के आगमन और एकजुटता का प्रतीक बताया। जैविक रंगों से होली खेली गई, गुजिया का स्वाद चखा गया और बॉलीवुड फिल्म ‘जिंदगी न मिलेगी दोबारा’ का प्रदर्शन हुआ।
‘ब्रांड इंडिया’ विषय पर सत्र में लगभग 400 छात्रों ने हिस्सा लिया। उन्हें भारतीय कॉफी और ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के बारे में बताया गया।
सिएटल में नए वाणिज्य दूतावास के खुलने से संबंध और सशक्त हुए। जून 2025 में मोंटाना के 10 छात्र भारत आए, जबकि 50 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सिएटल के ‘इन्वेस्ट इंडिया बिजनेस फोरम’ में भाग लिया।
पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में यह गांधी प्रतिमा चौथी है। इससे पूर्व सिएटल, नेब्रास्का और बेलव्यू में भी ऐसी प्रतिमाएं स्थापित हो चुकी हैं। यह गांधी जी के वैश्विक संदेश को मजबूत करती है।